ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया खादी संस्था का शैक्षणिक भ्रमण

रांची: शुक्रवार को महात्मा गाँधी के पुण्यतिथि पर राजधानी के ऑक्सफ़ोर्ड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान सर्योदय आश्रम का शैक्षणिक भ्रमण किया। राष्ट्रीय कला मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने आश्रम का भ्रमण किया।
इस दौरान बच्चों को यह जानकारी भी दी गयी कि यह संस्था महात्मा गाँधी के मार्गदर्शन में डॉ राजेन्द्र प्रसाद द्वारा स्थापित किया गया। इसी संस्था में अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई लड़ने के लिए क्रांतिकारी रणनीति तैयार करते थे। साथ ही यह भी बताया गया कि यह संस्था गरीब तबके के लोगों को रोजगार मुहैया कराती है। कभी अविभाजित बिहार में सबसे बड़ी और सबसे पुरानी यह संस्था 1928 में स्थापित हुई। यह संस्था सुदूर क्षेत्रों में भी रोजगार उपलब्ध करवाती है।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने चरखा चलाने, धागे बनाने एवं कपड़े की बुनाई आदि की विधि एवं प्रक्रिया को बुनकरों से मिलकर जानी। इसके अलावा उन्होंने पूरे आश्रम में लगी तस्वीरों सहित कई पुरानी वस्तुओं को देखा और उनके बारे में जानकारी लिया।
इस अवसर पर छोटा नागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान के संरक्षक अभय कुमार चौधरी, सचिव भावना देवी, समाजसेवी आशुतोष द्विवेदी, समाजसेवी अनुज वर्मा, अनुकूल चौधरी, स्कूल के प्राचार्य सूरज शर्मा, के आर, ए फातिमा, विशाल सिंह समेत विद्यार्थी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।




