पंचतत्व में विलीन हुए संतोष, पिता ने लहराया तिरंगा

राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
रांची/गुमला: पाकिस्तानी सीमा पर आतंकी हमले में शहीद संतोष गोप का अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव गुमला के बसिया प्रखंड अंतर्गत टेंगरा गांव में किया गया। इससे पूर्व आज सुबह जैसे ही उनका पार्थिव शरीर पहुंचा तो पूरा क्षेत्र गम में डूब गया। वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखे नम थीं और चंहुओर संतोष अमर रहे के नारे लग रहे थे। सैनिक सम्मान के साथ उन्हें पिता जीतू गोप ने मुखाग्नि दी। दाह संस्कार के बाद उन्होंने तिरंगा लहराया।
गौरतलब है कि झारखंड के गुमला जिला निवासी संतोष गोप पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर के बारामूला में शहीद हो गए थे। सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर झारखंड के सपूत श्रद्धांजलि देने के लिए राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, स्पीकर दिनेश उरांव, लोहरदगा सांसद सुदर्शन भगत, स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी सहित सेना के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल संजय पुरी, ब्रिगेडियर संजीव कुमार, कर्नल विकास गौतम, एयरपोर्ट निदेशक सहित सैकड़ों लोग पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर भी शहीद अमर रहे के नारे लग रहे थे।
शहीद संतोष के चचेरे भाई गोसाई गोप ने आज अंतिम संस्कार के बाद कहा कि हम सभी के लिए गर्व का दिन है कि मेरा भाई देश के लिए शहीद हुआ है। परिवार सहित गांव के सभी लोगों को उस पर फक्र है और आनेवाले समय में जरुरत पड़ने पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी देशहित में सेना में भेजेंगे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More