Sahibganj News: JLKM ने राजमहल विधानसभा प्रभारी विक्रांत कुमार को किया निष्कासित

साहिबगंज: झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने पार्टी अनुशासन के उल्लंघन और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में राजमहल क्षेत्र के विधानसभा प्रभारी विक्रांत कुमार उर्फ विजय को तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।
JLKM के जिला अध्यक्ष अर्जुन कुमार महतो द्वारा 20 अगस्त 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि विक्रांत कुमार के खिलाफ विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसकी जांच के लिए 27 जुलाई 2026 को पत्रांक 03/JLKM/DP/2026 के तहत चार सदस्यीय जांच कमिटी का गठन किया गया था।
जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर जिला अध्यक्ष ने बताया कि विक्रांत कुमार का आचरण पार्टी संगठन के अनुशासन, निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं संगठनात्मक मर्यादाओं के विपरीत रहा है। रिपोर्ट में उल्लेख है कि वे पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे, जिला स्तरीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनका आचरण प्रतिकूल पाया गया, तथा पार्टी की किसी भी बैठक में वे लगातार अनुपस्थित रहे।
पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि संगठन के अनुशासन और मर्यादाओं का उल्लंघन करने के कारण विक्रांत कुमार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी संगठनात्मक पदों और दायित्वों से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।
निष्कासन की तिथि से उन्हें पार्टी के किसी भी कार्यक्रम, बैठक या संगठन का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार नहीं होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पत्र पर JLKM साहिबगंज के जिला अध्यक्ष अर्जुन कुमार महतो के हस्ताक्षर हैं।


