Sahibganj News:शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर दिव्यांगों के बीच उपकरण वितरित

साहिबगंज: झारखंड के जननायक, दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ, पार्टी के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे और जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
वक्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, सामाजिक न्याय और आदिवासी-मूलवासी समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरुजी का जीवन वंचितों, गरीबों और दिव्यांगों की सेवा के लिए प्रेरणा है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए आज दिव्यांगों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल सहित अन्य सहायक उपकरण दिए गए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि सरकार गुरुजी के दिखाए मार्ग पर चलकर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने कहा कि शिबू सोरेन का सपना था एक समान और सम्मानजनक समाज का निर्माण। उनकी पुण्यतिथि पर किया गया यह सेवा कार्य उसी संकल्प का हिस्सा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, दिव्यांग लाभुक और आमजन उपस्थित थे।


