Sahibganj News: राष्ट्रीय लोक अदालत 2026: साहिबगंज और राजमहल में होंगे लंबित मामलों का निपटारा

साहिबगंज: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के तत्वावधान में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
प्राधिकार द्वारा जारी आम सूचना के अनुसार, अदालत सुबह 10:30 बजे से व्यवहार न्यायालय परिसर, साहिबगंज और व्यवहार न्यायालय परिसर, राजमहल में कार्य समाप्ति तक चलेगी।
लोक अदालत में निःशुल्क, सुलभ और शीघ्र न्याय के उद्देश्य से सभी प्रकार के दीवानी मामले, राजस्व संबंधी मामले, भू-अधिग्रहण से संबंधित मामले, सुलहनीय आपराधिक मामले, चेक बाउंस से संबंधित मामले रखे जाएंगे। इसके अलावा बैंक सर्टिफिकेट केस, वैवाहिक पारिवारिक मामले, श्रम संबंधित मामले, वाहन दुर्घटना से संबंधित मामले, बिजली विभाग, वन विभाग, माप-तौल विभाग से संबंधित मामले, विवाद पूर्व निस्तारण योग्य मामले और अन्य सुलहनीय मामलों को भी रखा जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आपसी सुलह के माध्यम से अपने लंबित मामलों का निपटारा कराएं। अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवस में व्यवहार न्यायालय, साहिबगंज स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार या अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति, राजमहल से संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर, साहिबगंज- 9471521725, राजमहल – 8755070706 पर भी संपर्क किया जा सकता है। इस लोक अदालत की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष अखिल कुमार, उपाध्यक्ष सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे और सदस्य सह पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह करेंगे।


