Sahebganj News: दियारा क्षेत्र के चासा टोला में गंगा के कहर से डूबे दर्जनों मकान

साहिबगंज के हरि प्रसाद दियारा स्थित चासा टोला में गंगा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी से कमर तक पानी भर गया है, जिससे लोग छतों पर शरण लेने और पलायन करने को मजबूर हैं। पीड़ितों ने प्रशासन से नाव, सूखा राशन, दवा और मवेशियों के चारे की तत्काल व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।

साहिबगंज: सदर प्रखंड के हरि प्रसाद दियारा क्षेत्र के चासा टोला में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने तबाही मचा दी है। तस्वीर में दिख रहा ये मंजर किसी फिल्म का नहीं, बल्कि हकीकत है – जहाँ एक पक्का मकान कमर तक पानी में डूब चुका है और उस पर परिवार के मुखिया अपने परिवार के साथ बेबस बैठे अपनी किस्मत को रो रहे हैं।

बाढ़ ने यहां दर्जनों परिवारों के आशियाने छीन लिए हैं। जिनके पास पक्के मकान हैं, वो किसी तरह अपनी छत पर जान बचाए हुए हैं। न खाने-पीने का ठिकाना है और न राशन का इंतज़ाम। छत ही अब उनका घर, आंगन और रसोई बन गई है। वहीं, जिनके पास फूस की झोपड़ी थी, उनका तो सब कुछ बहने के कगार पर है। वो लोग अपना बचा-खुचा सामान समेटकर किसी ऊंची जगह पर पलायन करने को मजबूर हैं। छोटे-छोटे बच्चों और मवेशियों के साथ खुले आसमान के नीचे जिंदगी काटना बेहद दर्दनाक है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से कुछ घरों में सूखा राशन बांटा जरूर गया था, लेकिन वह ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है। पानी में घिरे सैकड़ों लोगों तक अभी तक कोई मदद नहीं पहुंची है। बाढ़ पीड़ितों ने प्रशासन से नाव, पॉलीथिन शीट, सूखा राशन, दवाईयां और मवेशियों के लिए चारे व अन्य जरूरत की सामग्रियों की मांग की है। अगर जल्द ही पानी नहीं उतरा और मदद नहीं पहुंची तो हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More