Sahebganj News: ब्रह्माकुमारी और ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में मना योग दिवस

साहिबगंज: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जिरवाबाड़ी शाखा और जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में गर्ल्स हाई स्कूल के निकट अयोध्या धाम में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था के भाई-बहनों के साथ जिला ओलंपिक संघ के 50 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया।
कार्यक्रम में शारीरिक योग, प्राणायाम और आध्यात्मिक चिंतन का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतिभागियों को योगाभ्यास के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मैटी इलेक्ट्रो होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज नारायणपुर भागलपुर के प्राचार्य एवं मैटी अल्टरनेटिव मेडिकल काउंसिल, नई दिल्ली के निदेशक डॉ. सुभाष कुमार मुख्य अतिथि रहे।
उन्होंने योग और प्राणायाम की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराते हुए स्वास्थ्य लाभ बताए। डॉ. कुमार ने कहा कि नियमित योग-प्राणायाम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और आत्मिक शक्ति भी बढ़ती है। ब्रह्माकुमारी साहिबगंज केंद्र की संचालिका बी.के. बिंदु ने कहा कि योग शरीर को बीमारियों से दूर रखता है, लेकिन सिर्फ रोगमुक्त शरीर ही पूर्ण स्वास्थ्य नहीं है। संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए शारीरिक, बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। इन पांचों पहलुओं में संतुलन से ही व्यक्ति वास्तविक रूप से स्वस्थ कहलाता है।
कार्यक्रम का संचालन उप-संचालिका बी.के. नीतू ने किया। मौके पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल, वार्ड पार्षद सुशील भरतिया, नीलम भरतिया, अनिकेत, बी.के. शालू बहन, सीएचओ अनिता कुमारी, अंकित, अजय यादव, महेश केसरी, रविंद्र यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग और ध्यान को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।


