Sahebganj News: 3 से 7 अगस्त तक लगेगा विशेष शिविर, बनेंगे आवासीय और आय प्रमाण-पत्र

साहिबगंज: गरीब और जरूरतमंद लोगों को आवासीय, जाति, आय और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग ईडब्लूएस प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने के लिए जिले के सभी अनुमंडल और अंचल कार्यालयों में 3 अगस्त से 7 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, इस दौरान नए आवेदन लिए जाने के साथ-साथ पहले से लंबित पड़े मामलों का भी त्वरित निपटारा किया जाएगा। शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा। प्रशासन ने बताया कि आवेदन ऑनलाइन दाखिल किए जाएंगे और प्रत्येक आवेदक को पावती रसीद दी जाएगी। लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाकर प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत न हो।
इससे पहले आयोजित शिविरों में हजारों लोगों ने प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों को आज तक न तो प्रमाण-पत्र मिला और न ही उनके आवेदन की स्थिति स्पष्ट हो सकी। इसी वजह से आम लोगों में नाराजगी थी। अब प्रशासन ने कहा है कि इस बार केवल नए आवेदन ही नहीं लिए जाएंगे, बल्कि पुराने लंबित आवेदनों का भी समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
लोगों का कहना है कि परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी प्रमाण-पत्र नहीं मिलने के कारण आवेदन करने और योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी झेल रहे हैं। अब देखना होगा कि क्या जिला प्रशासन इस बार के विशेष अभियान के जरिए सभी लंबित आवेदनों का निपटारा कर लोगों का भरोसा जीत पाता है या नहीं।


