रांची के अखबारों की सुर्खियां : हिंदपीढी व तेलो कोरोना का हाॅटस्पाॅट, जेल में भिड़े एनोस एक्का व योगेंद्र साव, अन्य खबरें

प्रभात खबर की आज की लीड खबर है : झारखंड में कोरोना से पहली मौत, बोकारो का तेलो व रांची का हिंदपीढी बना हाॅट स्पाॅट. अखबार ने लिखा है कि बोकारो के बीजीएच में 75 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति ने दम तोड़ा. अखबार के अनुसार, बोकारो जिले में चार नये मामले मिले हैं जिसमें मृतक भी शामिल. अखबार ने लिखा है कि कोरोना की जानकारी स्वास्थ्य विभाग छिपा रहा है. यह एक खबर है जिसमें अखबार ने बताया है कि सही जानकारी मीडिया को नहीं मिलने से संबंधित इलाके के लोग सचेत नहीं हो सकेंगे. जबकि बिहार सरकार हर घंटे कोरोना बुलेटिन देती है और केंद्र सरकार एप के माध्यम से जानकारी देती है. एक खबर है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज विधायकों व सांसदों के साथ बैठक करेंगे और उन्होंने कोरोना पर सर्वदलीय बैठक भी बुलायी है. वहीं, एक दूसरी खबर है कि हिंदपीढी की कोरोना संक्रमित मलेशियाई महिला सहित 18 पर केस दर्ज किया गया है. दिल्ली से अखबार की खबर है कि अब हर दिन 500 प्लस कोरोना के मामले बढ रहे हैं. एक खबर है कि जेल में पूर्व मंत्री एनोस एक्का व योगेंद्र साव भिड़े. वहीं यह संक्षिप्त खबर है कि रामायण में सुग्रीव की भूमिका निभाने वाले श्याम सुंदर कलानी का निधन हो गया.
हिंदुस्तान की लीड खबर का शीर्षक है : झारखंड में कोरोना से पहली मौत. अखबार ने लिखा है कि बोकारो के एक 75 वर्षीय व्यक्ति को पांच दिन पहले सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अखबार ने लिखा है कि सीएम हेमंत सोरेन ने निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है. वहीं, एक खबर है कि महामारी से देश में 20 और मरे, 591 नए केस. अखबार ने एक राहत की खबर दी है कि देश में कोरोना के संक्रमण की दर काफी कम है. अखबार ने खबर दी है कि महिलाओ के जनधन खाते में एक हजार रुपये आएंगे. जेल में एनोस एक्का व योगेंद्र साव में भिड़ंत की खबर इस अखबार ने भी दी है. एक खबर है कि कार्बेट पार्क में बाघ खांसे तो उन्हें सीधे क्वारंटाइन किया जाएगा.
दैनिक जागरण की सचेत करती लीड खबर है: महाराष्ट्र में एक दिन में 25 की मौत. अखबार ने लिखा है कि देश भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 6600 के पार चली गयी है और अबतक 227 लोगों की जान गयी है. अखबार ने एक खबर दी है कि झारखंड में कोरोना से पहली मौत, एक संक्रमित और मिला. मौत बोकारो के 75 वर्षीय व्यक्ति की हुई है. एक खबर है कि कोरोना से लड़ाई का पूरा खर्च उठाएगी केंद्र सरकार. एक खबर है कि राज्य में 38 विदेशी व पांच भारतीय पर केस दर्ज किया गया है. यह केस कोरोना को लेकर लापरवाही के मामले में दर्ज किया गया है. एक खबर है कि अब 14 अप्रैल तक बदल सकेंगे जेइइ मेंस परीक्षा का केंद्र. अखबार ने एक खबर की है कि देश के लिए सबक है कोरोना मुक्त हुआ भीलवाड़ा. ओडिशा सरकार द्वारा 30 अप्रैल तक लाॅकडाउन बढाने व हिंदपीढी को 72 घंटे के लिए सील किए जाने की खबर भी है. होटवार जेल में एनोस एक्का व योगेंद्र साव में भिड़ंत, गाली गलौज व मारपीट तक की नौबत आने की खबर भी अखबार में है.
दैनिक भास्कर ने भी राज्य में कोरोना से पहली मौत हो लीड खबर बनाया है. वहीं, यह उल्लेख किया है कि बोकारो के ही चंद्रपुरा के एक और व्यक्ति की रिपोर्ट पाॅजिटिव आयी है. जिले में अबतक छह केस हो गए हैं. अखबार ने एक अलार्मिंग स्टोरी दी है कि कोरोना को लेकर अगला एक सप्ताह झारखंड के लिए अहम होगा, इसकी एक अहम वजह है कि नए मरीजों में कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं दे रहा है. अखबार ने एक स्टोरी दी है कि कोरोना से कड़की: 12 दिन में 226 अरबपति फोब्र्स सूची से बाहर, अंबानी 13 से 21वें स्थान पर खिसके, पर दमानी 44 पायदान चढे. एक खबर है कि हिंदपीढी में सेनेटाइज करने गए कर्मियों पर फेंका थूक, काम बंद. 10-10 रुपये के नोट भी थूक लगाकर कर्मियों पर फेक रहे हैं यह उल्लेख खबर में है.




