एसएसपी की कार्रवाई
रांची: एसएसपी अनीश गुप्ता का फोन नहीं उठाना राजीव रंजन लाल को भारी पड़ गया और इस बाबत तत्काल कार्रवाई करते उन्हें हटाकर अरगोड़ा में नये थाना प्रभारी के तौर पर साइबर सेल में पोस्टेड असित कुमार मोदी को तैनात कर दिया गया है। मंगलवार को इस बाबत एसएसपी ने आदेश जारी करने के बाद तत्काल पद में योगदान देने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 सितंबर को रांची आगमन और मुहर्रम के जुलूस की समीक्षा के बाबत एसएसपी निकले थे। उन्होंने अरगोड़ा थानेदार राजीव रंजन लाल से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। इसी के बाद उन्हें हटाने का फरमान जारी कर दिया गया। हालांकि थानेदार राजीव डेंगू से पीड़ित हैं और विगत एक सप्ताह से अवकाश पर थे। उन्होंने इसकी सूचना हटिया डीएसपी प्रभात रंजन बरवार को दे दी थी।