Hazaribagh News: विनोबा भावे विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त भारत’ वेबकास्ट का प्रसारण
-1024x614.jpeg)
हजारीबाग: विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में रविवार को प्रधानमंत्री का वेबकास्ट कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का विषय था “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत” का संकल्प। प्रधानमंत्री के स्क्रीन पर आते ही विद्यार्थियों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी ने कहा कि देश के युवा एक महान और महत्वपूर्ण संकल्प लेकर इस नशा मुक्ति अभियान से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के युवाओं को मन और तन से स्वस्थ रहने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्हें मादक पदार्थों की नशा से दूर रहना है।
युवाओं को अमृत पीढ़ी बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा अपनी ऊर्जा और कल्पना शक्ति से 2047 तक भारत को विकास के शिखर तक ले जा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि नशा से एक सपने की बाल मृत्यु हो जाती है। यह एक मां की मुस्कान छीन लेता और पिता के सपनों को चूर-चूर कर देता है। इससे राष्ट्र शक्ति कमजोर पड़ जाती है।
उन्होंने स्मरण दिलाया कि समाज हमेशा से ही नशे को बुराई की नजरों से देखा है। इस संबंध में उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब से कुछ पंक्तियों का पाठ भी किया। उन्होंने भरोसा दिलाया की नशा मुक्ति अभियान में केंद्र सरकार और राज्य की सरकार “मिशन मोड” में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री से पूर्व भारत सरकार में युवा मामले के मंत्री मनसुख मांडवीया का संबोधन हुआ।
इससे पूर्व विभावि के छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष डॉ विकास कुमार, कुलसचिव सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, नशा मुक्ति नोडल विभाग के अधिकारी डॉ सुकल्याण मोइत्रा तथा योग केंद्र के निदेशक डॉ राजकुमार चौबे ने सभा को संबोधित किया। माय भारत केंद्र के अधिकारी रूद्र शेखर ने उपस्थित सभी शिक्षकों को शॉल ओढ़ा के सम्मानित किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई जिसका विद्यार्थियों ने खूब आनंद उठाया। संत कोलंबा महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ देवेंद्र एवं जी एम इवनिंग कॉलेज के डॉ उमेश ठाकुर ने नशा-निषेध पर शपथ पाठ कराया।
मौके पर यूसेट के निदेशक डॉ आशीष कुमार साहा, विश्वविद्यालय के रूसा/पीएम-उषा के समन्वयक डॉ अरुण कुमार मिश्रा, दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ विजय कुजूर, मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ अविनाश कुमार, अन्नदा महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ सुचोरिता घोष, प्रबंधन विभाग के डॉ सीताराम के अलावे स्थानीय महाविद्यालय के एनएसएस के स्वयंसेवक, एनएसएस के सोनू कुमार तथा यूसेट, विधि महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विभिन्न विभाग के शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित हुए।


