प्रधानमंत्री का लाल किले से ऐतिहासिक संबोधन, 79वें आजादी दिवस पर कई बड़ी योजनाओं की घोषणा

नई दिल्ली: लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2025) के अवसर पर देश को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. ये घोषणाएं युवाओं के रोजगार, कर सुधार और राष्ट्रीय सुरक्षा पर केंद्रित थीं.
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना
प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ की घोषणा की. इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. इसका लक्ष्य अगले दो सालों में 3.5 करोड़ से ज्यादा नौकरियां पैदा करना है.
जीएसटी दरों में सुधार
पीएम मोदी ने दीपावली पर देशवासियों को “बड़ा तोहफा” देने का वादा करते हुए जीएसटी दरों में भारी कमी करने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म’ के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है, जिसका उद्देश्य जीएसटी दरों की समीक्षा कर उन्हें कम करना है. इससे आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. समय की मांग है कि जीएसटी की दरों की समीक्षा हो. हम नई जेनरेशन का जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रहे हैं. जीएसटी की दरें भारी मात्रा में कम होंगी.
सुदर्शन चक्र मिशन
प्रधानमंत्री ने ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ लॉन्च करने की घोषणा की. यह एक शक्तिशाली हथियार प्रणाली होगी जो न केवल दुश्मन के हमलों को ध्वस्त करेगी, बल्कि कई गुना ज्यादा प्रभावी तरीके से पलटवार भी करेगी. इस मिशन के तहत, 2035 तक देश के सभी महत्वपूर्ण स्थलों को इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच से कवर किया जाएगा. पीएम मोदी बोले, “देश का हर नागरिक सुरक्षित महूसस करे. इसके लिए मैं 2035 तक इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार देना चाहता हूं इसलिए श्रीकृष्ण से प्रेरणा पाकर हमने सुदर्शन चक्र की राह को चुना है.”


