जगन्नाथपुर पुलिस ने शातिर साइबर अपराधी को पकड़ा, युवती को ब्लैकमेलिंग से मिली राहत

जगन्नाथपुर पुलिस ने शमसेर अली नामक साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर ब्लैकमेलिंग से परेशान युवती को राहत दिलाई। आरोपी शादी का झांसा देकर आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए 5 लाख रुपये मांग रहा था। पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद आरोपी को औरंगाबाद से पकड़ा।

पश्चिमी सिंहभूम : जिले की जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर एक युवती को ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से निजात दिलाई। मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने लिखित शिकायत कर बताया कि बिहार के औरंगाबाद निवासी मो. शमसेर अली उर्फ मो. शमशेर आलम (39) ने शादी का झांसा देकर उससे दोस्ती की और बाद में आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर पैसे की मांग करने लगा।

शादी का वादा कर भरोसा जीता, फिर दहेज न मिलने पर संबंध तोड़ दिया

एसडीपीओ राफएल मुर्मू ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का विश्वास जीता, लेकिन वर्ष 2023 में दहेज का बहाना बनाकर शादी से पीछे हट गया। उसके बाद उसके भाई निसार अली ने आरोपी की शादी बिहार की एक अन्य युवती से करा दी।

आपत्तिजनक कंटेंट वायरल कर 5 लाख की मांग, मानसिक रूप से हुई पीड़ित

शादी से इंकार के बाद भी आरोपी युवती से संपर्क में बना रहा और इसी दौरान उसने आपत्तिजनक कंटेंट तैयार कर लिया। बाद में उसने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और उन्हें हटाने के नाम पर पीड़िता और उसके परिवार से 5 लाख रुपये की मांग करने लगा। पैसे न देने पर तस्वीरों को और अधिक प्लेटफॉर्म पर फैलाने की धमकी दी, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई।

आरोपी और उसके भाई के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 73/25 दर्ज किया गया। आरोपी मो. शमसेर अली और निसार अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 77/308(2)/3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(ई), 67 और 67(ए) के तहत एफआईआर की गई।

तकनीकी इनपुट से आरोपी बिहार से गिरफ्तार, डिजिटल साक्ष्य भी जब्त

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने तकनीकी इनपुट की मदद से आरोपी को औरंगाबाद जिले के कासमा थाना क्षेत्र स्थित बटूरी गांव से 8 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक स्मार्टफोन बरामद हुआ, जिसमें पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो मिले। पुलिस ने फोन और डिजिटल साक्ष्यों को विधिवत जब्त कर सील कर लिया है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More