Pakur News: खनन घोटाले पर BJP का हमला, CBI जांच की उठी मांग

पाकुड़िया: प्रखंड भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने झारखंड में हुए कथित खनन घोटाले को लेकर राज्य की गठबंधन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की पुरजोर मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि संथाल परगना क्षेत्र में खनन के नाम पर बड़े पैमाने पर लूट मची है, जिससे सरकारी राजस्व को भारी क्षति हो रही है। उनका कहना था कि राज्य में बालू, कोयला और पत्थर का अवैध खनन खुलेआम चल रहा है और इस पर रोक लगाने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
सरिता मुर्मू ने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में उन्होंने खुद अपनी ही सरकार के खिलाफ खनन घोटाले को लेकर सवाल उठाए हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य में स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब तक सब कुछ ठीक चल रहा था, तब तक संबंधित लोग चुप थे, लेकिन अब सच्चाई धीरे-धीरे सामने आने लगी है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पाकुड़ जिले में डीएमएफटी फंड के तहत संचालित योजनाओं में भारी अनियमितता बरती जा रही है। साथ ही बिना माइनिंग चालान के बालू और गिट्टी से लदे ट्रक धड़ल्ले से पश्चिम बंगाल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्राकृतिक संसाधनों की तस्करी हो रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


