Operation Sindoor Anniversary: जानिए 25 मिनट में भारत ने कैसे तबाह किए थे पाकिस्तान के 9 आतंकी अड्डे

Operation Sindoor: भारत के बहुचर्चित सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को आज एक वर्ष पूरा हो गया है। गत वर्ष 7 मई की देर रात भारतीय थलसेना और वायुसेना ने पाकिस्तान तथा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में छिपे आतंकी अड्डों पर इतना जबरदस्त हमला बोला कि पूरी दुनिया की नजरें भारत पर टिक गईं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार यह पूरा अभियान महज 25 मिनट में अंजाम दिया गया, लेकिन इतने कम वक्त में भारत ने 9 आतंकी शिविरों को तबाह करते हुए कम से कम 70 आतंकवादियों को मार गिराया। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने बताया कि उन 9 ठिकानों पर की गई कार्रवाई में करीब 100 आतंकी मारे गए।
रात 1:05 बजे ‘Operation Sindoor’ का हुआ आगाज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ठीक रात 1 बजकर 5 मिनट पर भारतीय सेना ने इस अभियान की शुरुआत की। इससे पहले कई दिनों तक भारतीय खुफिया एजेंसियां पाकिस्तान में फैले आतंकी लॉन्च पैड, प्रशिक्षण शिविरों और कमांड सेंटरों पर पैनी नजर बनाए हुए थीं।
9 आतंकी अड्डे किए गए तबाह
भारतीय सेना ने जिन ठिकानों को तबाह किया, उनमें लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े आतंकी शिविर शामिल बताए गए। रिपोर्ट्स के अनुसार कुछ लक्ष्य पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में थे जबकि बाकी PoK में स्थित थे। सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि हमलों को पूरी तरह ‘सटीक और सीमित’ रखा गया ताकि किसी आम नागरिक या सैन्य प्रतिष्ठान को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
1:30 AM, सिर्फ 25 मिनट में मिशन हुआ पूरा
रिपोर्ट्स के अनुसार, रात 1 बजकर 30 मिनट तक ऑपरेशन का सबसे निर्णायक चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका था। यानी केवल 25 मिनट के भीतर भारतीय सेना ने अपने सभी प्रमुख लक्ष्यों को भेद लिया था। NDTV की रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस दौरान करीब 24 मिसाइल हमले किए गए और पाकिस्तान के आतंकी नेटवर्क को भारी क्षति पहुंचाई गई।
पाकिस्तान के 100 से अधिक सैनिक हुए ढेर
प्रेस वार्ता में लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने पाकिस्तान को लेकर एक दावा किया। उन्होंने बताया कि नौ आतंकी शिविरों पर हुई कार्रवाई में 100 आतंकवादी मारे गए। इसके अलावा नियंत्रण रेखा पर हुई मुठभेड़ों में पाकिस्तान के 100 से अधिक सैनिक भी मारे गए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर जारी हुई पाकिस्तानी सम्मान और पुरस्कार सूची से यह साफ हो गया कि उनमें से कई पुरस्कार मरणोपरांत दिए गए थे। उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि पाकिस्तान अगर कहानियां गढ़ने में लगाई गई ऊर्जा अपनी सैन्य तैयारी में लगाता, तो उसका प्रदर्शन कहीं बेहतर होता।
Operation Sindoor ने दिखाई भारत की सैन्य ताकत
वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने देश के शीर्ष नेतृत्व की दूरदर्शी रणनीतिक सोच को उजागर किया, जिसने सेनाओं को एक स्पष्ट लक्ष्य और पूरी ऑपरेशनल आजादी देकर निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम बनाया। 6 से 7 मई की रात नौसेना के जवानों ने थलसेना और वायुसेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आतंकी ठिकानों पर सटीक हमलों में भाग लिया, जिसने तीनों सेनाओं के बीच अद्भुत तालमेल और एकजुटता को दर्शाया।
पाकिस्तानी नौसेना बंदरगाहों तक सिमटी, भारत ने साबित की अपनी क्षमता
जैसे-जैसे यह अभियान आगे बढ़ा, भारतीय नौसेना की आक्रामक तैनाती ने पाकिस्तानी नौसेना और वायुसेना को रक्षात्मक रुख अपनाने पर मजबूर कर दिया। पाकिस्तानी सेना अपने बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों तक ही सिमट कर रह गई। ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया कि भारत किसी भी उकसावे का जवाब सुविचारित, सटीक और संतुलित तरीके से देने में पूरी तरह सक्षम है।


