श्रावणी मेला को लेकर नगर निगम मुस्तैद, आवारा पशुओं को गौशाला भेजने के लिए शुरू हुआ बुल कैचिंग अभियान

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद है। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं को सुरक्षित रूप से गौशाला भेजने का अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में सोमवार से विशेष बुल कैचिंग ड्राइव की शुरुआत की गई।
अभियान का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान सड़कों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली यातायात बाधाओं को दूर करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है। नगर निगम की टीम द्वारा आवारा पशुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़कर गौशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम की ओर से पूर्व से ही स्नेह एनिमल वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से आवारा कुत्तों की नसबंदी का कार्य कराया जा रहा है। निगम के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पशु कल्याण सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।
श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए देवघर नगर निगम द्वारा विभिन्न स्तरों पर लगातार तैयारी की जा रही है। निगम प्रशासन ने मेला अवधि में श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रियता बढ़ा दी है।


