सूरत से दमन तक पीएम मोदी का बड़ा दौरा, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन आज

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात और दमन के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर जनसभाओं को संबोधित भी करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:30 बजे गुजरात के सूरत जिले स्थित हजीरा पहुंचेंगे। यहां वे औद्योगिक गतिविधियों और विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शाम लगभग 4:15 बजे सूरत में करीब 18,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री दमन के लिए रवाना होंगे। शाम लगभग 6:15 बजे वे दमन स्थित नामो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नामो अस्पताल को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य और हवाई संपर्क सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
शाम लगभग 7:15 बजे प्रधानमंत्री दमन में करीब 2,970 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा वे केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री का यह दौरा गुजरात, दमन और लक्षद्वीप में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, कनेक्टिविटी और समग्र विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है। विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी दोनों राज्यों में आयोजित कार्यक्रमों में जनता को संबोधित कर केंद्र सरकार की विकास योजनाओं और भविष्य की परियोजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे।


