झारखंड में कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर, अपराधियों को मिल रहा संरक्षण: बाबूलाल मरांडी

धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने धनबाद में बढ़ते गैंगवार और रंगदारी के मामलों को लेकर चिंता जताई और गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े प्रकरण की एनआईए (NIA) जांच की मांग की। साथ ही, उन्होंने डीजीपी अनुराग गुप्ता की नियुक्ति और सेवा विस्तार पर सवाल उठाते हुए इसे नियमों के विरुद्ध बताया।

धनबाद: झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों और माफियाओं को सरकारी संरक्षण मिल रहा है, जिसके कारण झारखंड की स्थिति “अत्यंत भयावह” हो गई है।

मरांडी ने कहा कि राज्य में हत्या, रंगदारी, गैंगवार और अवैध हथियारों की तस्करी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासकर धनबाद में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि खुलेआम गैंगवार और धमकियों का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि कोयला नगरी अब माफियाओं की शरणस्थली बनती जा रही है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

उन्होंने राज्य के डीजीपी अनुराग गुप्ता की नियुक्ति और सेवा विस्तार पर भी सवाल उठाए। मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने नियमों को ताक पर रखकर उन्हें सेवा विस्तार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने पसंदीदा अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर राजनीतिक लाभ लेने और विरोधियों को दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान मरांडी ने गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़े कथित वायरल वीडियो और ऑडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इसमें पुलिस प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंधों की बात सामने आ रही है। इसे गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बताते हुए उन्होंने पूरे प्रकरण की एनआईए  जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पुलिस और अपराधियों के गठजोड़ को खत्म करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों की मदद ली जानी चाहिए। अंत में मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण अराजकता का माहौल बना है और जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More