हथियारबंद अपराधियों ने जमकर मचाया उत्पात

बोकारो थर्मल: बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत सीसीएल बीएण्डके एरिया के कारो स्पेशल फेज दो परियोजना में शुक्रवार की रात्रि नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने परियोजना में तैनात चार सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट कर उन्हें बांध दिया तथा पीओ, मैनेजर, सेफ्टी कार्यालय सहित सात कार्यालयों का ताला तोड़कर चोरी कर लिया। परियोजना के खान प्रबंधक शंभूनाथ ने बताया कि अपराधियों ने लगभग एक बजे रात्रि में परियोजना कार्यालय परिसर में धावा बोला और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट कर सभी को बांध दिया। चोरो ने जिनकी संख्या एक दर्जन से भी ज्यादा थी ने परियोजना के सभी सातों कार्यालय का ताला तोड़कर कार्यालय में लगे सभी पंखे खोलकर ले गये और चार आलमीरा एवं टाइपिंग मशीन भी तोड़ दिया। जिससे कार्यालय का काम प्रभावित हो गया है। चोरों ने आलमीरा में रखे ढेर सारे फाइल व कागजात तहस-नहस कर दिये। घटना को लेकर सुरक्षा गार्ड के ईचांर्ज महावीर गोप ने एक लिखित सूचना स्थानीय थाना को दिया है। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी परमेश्वर लेंयागी,सअनि कमलेश कुमार सिंह दल-बल के साथ परियोजना पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद परियोजना के पीओ भी पहुंचे और घटना के संबंध में कामगारों से जानकारी ली। इस घटना के बाद परियोजना में कार्यरत सीसीएल के गार्ड व कर्मचारी दहशत में है। थाना प्रभारी परमेश्वर लेंयागी ने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। यथाशीघ्र अपराधियों को पकड़ लिया जायेगा।



