Hazaribagh News: कटकमसांडी मार्ग पर दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, हादसे में तीन लोग गंभीर घायल

हजारीबाग: कटकमसांडी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन को दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़गाँव चोपे, थाना सिमरिया (जिला चतरा) निवासी एतवा मुंडा एवं लेपा मुंडा तथा ग्राम मुरुमदाग, थाना इटखोरी निवासी शिव कुमार यादव की मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा तत्काल मौके पर पहुंचे और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना किसी देरी के अपने निजी वाहन से सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग पहुंचाकर भर्ती कराया।
अस्पताल पहुंचने के बाद राणा ने चिकित्सकों से मुलाकात कर घायलों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली तथा सभी के समुचित एवं बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
स्थानीय लोगों ने भी सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा की त्वरित पहल और मानवता की मिसाल पेश करने वाले इस कार्य की सराहना की। लोगों का कहना है कि दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाना सराहनीय कदम है, जिससे समय पर इलाज मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
फिलहाल अस्पताल में तीनों घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।




