Hardik Pandya पर तिरंगा विवाद: T20 World Cup जश्न के बाद दर्ज हुई शिकायत, जानिए पूरा मामला

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के ठीक बाद भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या एक बड़े विवाद के केंद्र में आ गए हैं। पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने उन पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच के बाद जश्न के दौरान का है, जहां सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हार्दिक को तिरंगा कंधे पर लपेटे नजर आ रहे थे।
शिकायत के अनुसार, जीत के उत्साह में हार्दिक अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ मंच पर लेटे हुए दिखे, जबकि तिरंगा उनके शरीर पर लिपटा हुआ था। वकील ने इसे तिरंगे की गरिमा के खिलाफ बताया और 1971 के प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट की धारा 2 का हवाला दिया, जो सार्वजनिक स्थान पर ध्वज का अपमान करने पर तीन साल तक की सजा या जुर्माना या दोनों का प्रावधान करता है। उन्होंने पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज करने की मांग की, हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में बेंगलुरु का भी जिक्र है, लेकिन पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है। वाजिद ने कहा कि शुरुआत में पुलिस ने जगह का हवाला देकर टालना चाहा, मगर उन्होंने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए कहीं भी शिकायत वैध है।
यह विवाद उस समय भड़का जब भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त देकर तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप खिताब जीता – पहली बार घरेलू मैदान पर और लगातार दूसरी बार। हार्दिक ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया: 9 मैचों में 9 विकेट लिए, 217 रन बनाए (दो अर्धशतक सहित), और ICC की टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह बनाई। उन्होंने खुद को 2024 की जीत के बाद का वादा पूरा करने वाला बताया, लेकिन अब यह विवाद उनकी छवि पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार है, जो तय करेगी कि जश्न की यह हरकत कानूनी अपराध बनेगी या नहीं


