टीवीके सरकार का पहला विधानसभा सत्र आज से, विपक्ष कानून-व्यवस्था पर घेरने को तैयार

चेन्नई: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार का पहला विधानसभा सत्र बुधवार से शुरू होने जा रहा है। सत्ता संभालने के बाद यह सरकार का पहला महत्वपूर्ण विधायी सत्र होगा, जिस पर राजनीतिक दलों और जनता की नजरें टिकी हुई हैं।
विधानसभा सत्र की शुरुआत सुबह 10 बजे राज्यपाल आर. एन. अरलेकर के अभिभाषण से होगी। राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए इस अभिभाषण में आगामी नीतियों, योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं का खाका पेश किया जाएगा। इसके बाद अभिभाषण का तमिल अनुवाद सदन में पढ़ा जाएगा।

सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक भी होगी, जिसमें सदन की कार्यवाही की अवधि और कार्यक्रम तय किए जाएंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा, जिस पर विभिन्न दलों के सदस्य चर्चा करेंगे। चर्चा के समापन पर मुख्यमंत्री विजय सरकार का पक्ष रखते हुए जवाब देंगे।
इस बीच विपक्षी दल, विशेषकर द्रमुक (डीएमके), सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी में हैं। विपक्ष राज्य में कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में कथित वृद्धि, बिजली कटौती और अन्य जनसरोकार से जुड़े विषयों को सदन में उठाने की रणनीति बना रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि विधानसभा की कार्यवाही की शुरुआत तमिल थाई वंदन गीत से होगी या नहीं। वहीं राज्यपाल और विधानसभा के संबंधों को लेकर भी नजरें टिकी हैं। तमिलनाडु के राजनीतिक इतिहास में पूर्व राज्यपाल आर.एन. रवि के अभिभाषण के दौरान सदन छोड़ने की घटना को देखते हुए इस बार की कार्यवाही को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीवीके सरकार के पहले विधानसभा सत्र से राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा और सरकार की कार्यशैली की स्पष्ट झलक देखने को मिल सकती है।

