विदाई का पहला हिस्सा शुरू: मोहम्मद सालाह ने 435 मैचों के शानदार सफर पर पूर्णविराम लगाने का मन बनाया
चैंपियंस लीग और क्लब विश्व कप जैसे बड़े मुकाबलों के रहे किंग
फुटबॉल जगत के दिग्गज मोहम्मद सालाह ने घोषणा की है कि वह मौजूदा सत्र (2025-26) के अंत में लिवरपूल एफसी छोड़ देंगे। 33 वर्षीय सालाह, जो क्लब के इतिहास में तीसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं, ने एक भावुक वीडियो संदेश के जरिए प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया। 2017 में क्लब से जुड़ने के बाद उन्होंने लिवरपूल को चैंपियंस लीग और 30 साल बाद प्रीमियर लीग का खिताब दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। उनके जाने के फैसले के पीछे कोच आर्ने स्लॉट के साथ कथित मतभेदों को भी एक वजह माना जा रहा है।
नई दिल्ली: मोहम्मद सालाह ने मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह मौजूदा सत्र के अंत में लिवरपूल फुटबॉल क्लब को छोड़ देंगे। सालाह ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में अपने विदाई संदेश की शुरुआत करते हुए इस फैसले की पुष्टि की। 33 वर्षीय सालाह ने कहा, “दुर्भाग्य से यह दिन आ गया है। यह मेरी विदाई का पहला हिस्सा है। मैं इस सत्र के अंत में लिवरपूल छोड़ दूंगा।”

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह क्लब और यहां के लोग उनके जीवन का इतना बड़ा हिस्सा बन जाएंगे। उन्होंने अपने साथियों और प्रशंसकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके करियर के सबसे अच्छे और कठिन समय में मिले समर्थन को वह कभी नहीं भूलेंगे। मोहम्मद सालाह ने यह भी कहा कि लिवरपूल हमेशा उनके दिल में रहेगा और यह क्लब उनके लिए घर जैसा रहेगा। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, “यहां से जाना आसान नहीं है, लेकिन मैं हमेशा इस क्लब का हिस्सा रहूंगा।”
गौरतलब है कि सालाह ने 2019-20 सत्र में लिवरपूल को 30 साल बाद लीग खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, पिछले साल नवंबर में क्लब के कोच आर्ने स्लॉट के साथ मतभेदों की खबरें भी सामने आई थीं, जिसने उनके भविष्य को लेकर अटकलों को और तेज कर दिया था।
