बड़कागांव में स्थित एनटीपीसी की कोयला भंडार में लगी आग, खतरे में लोगों की जान

बड़कागांव : हजारीबाग जिला (Hazaribagh District) के बड़कागांव में स्थित एनटीपीसी के कोयला भंडार (NTPC’s coal reserves) में आग लग गयी है. हालांकि, अभी यह आग नजदीक के गांवों और कॉलोनियों तक नहीं पहुंची है. पर कंपनी का कहना है कि जल्द ही आग पर काबू नहीं पाया गया तो कॉलोनियों और ग्रामीण को नुकसान पहुंचा सकता है.
कंपनी के पीआरओ (Company PRO) विजय जुवैल ने कहा कि एनटीपीसी के पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना (Coal mining project) में खनन कार्य को रोके जाने के कारण खदान से निकालकर रखे गये कोयले के भंडार में आग लग गयी है. मिली जानकारी के अनुसार चिरुडीह कोयला खदान से निकले कोयला में आग लगी है. अगर जल्द ही कोयले को नहीं हटाया गया, तो आग विकराल रूप धारण कर लेगा और फिर उस पर काबू पाना लगभग असंभव हो जायेगा.
आपको बता दें कि 2 सितंबर 2020 से कोयला खनन का काम बंद है. यहां पर लगभग 5.5 लाख मीट्रिक टन कोयला जमा हो गया है. कोयले को यदि जल्दी नहीं हटाया गया, तो पूरे कोयले के भंडार में भीषण आग लग जायेगी, क्योंकि इलाके में दिन में तापमान अभी भी 35 डिग्री के आसपास रहता है.
कंपनी ने कहा कि कोयला ढुलाई न होने से केंद्र सरकार (central government) को 67.71 करोड़ रुपये एवं राज्य सरकार (State government) को 31.24 करोड रुपये के राजस्व की हानि हो रही है. इस परियोजना से रोजाना 40,000 मीट्रिक टन कोयला 9 रेक में भरकर एनटीपीसी की 21 परियोजनाओं को जाता है. कोयला ढुलाई नहीं हो पाने की स्थिति में एनटीपीसी (NTPC) को 91.20 करोड़ रुपये का प्रतिदिन नुकसान हो रहा है.
रेलवे को भी प्रतिदिन 10 करोड़ का नुकसान हो रहा है. एनटीपीसी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रांसपोर्ट से जुड़े कई लोगों ने बैंकों से कर्ज लेकर अपने वाहन कोयला ढुलाई के काम में लगा रखे हैं. काम नहीं होने की स्थिति में उन्हें भी काफी आर्थिक नुकसान (Economic loss) हो रहा है. प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से कोयला ढुलाई का असर व्यापार पर पड़ा है.




