होटल ड्रीम स्टार में शराब को लेकर बवाल: दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR, अब सीसीटीवी खोलेगा राज

साहिबगंज: नगर थाना क्षेत्र के चौक बाजार स्थित एसबीआई मुख्य शाखा के पास होटल ड्रीम स्टार में पिछले दिनों शराब को लेकर विवाद खूनी झड़प में बदल गया। बिहार के पूर्णिया से आए युवकों और होटल स्टाफ के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के फुलवरिया निवासी विनोद कुमार चौहान अपने साथियों के साथ होटल के कमरा नंबर 201 और 203 में ठहरे थे। तभी किसी बात को लेकर होटल कर्मचारियों और युवकों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। झड़प में विनोद चौहान को मामूली चोटें आईं। घायल विनोद कुमार चौहान ने नगर थाना में आवेदन देकर होटल कर्मचारियों पर मारपीट का आरोप लगाया। इसमें गोपाल कुमार, सुशांत कुमार, राजा कुमार समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है। इसको लेकर नगर थाना कांड संख्या 100/26 दर्ज हुआ है।
इधर होटल मैनेजर गोपाल कुमार ने थाना में शिकायत दी कि युवक कमरे में बड़ी मात्रा में शराब लेकर आए थे। रोकने पर हंगामा किया, कर्मचारियों से मारपीट की और एक दलित कर्मचारी के साथ जातिसूचक गाली-गलौज की। शिकायत में कुंदन यादव, रूपेश कुमार मंडल, राजू कुमार चौहान, विनोद कुमार चौहान, चंदन चौहान एवं अशोक मंडल को नामजद किया गया है। होटल मैनेजर का कहना है कि युवकों द्वारा मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद है।
वहीं, होटल कर्मियों का कहना है कि मारपीट का कोई फुटेज नहीं है और सीसीटीवी से छेड़छाड़ भी नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार घटना के बाद संबंधित कमरों से बड़ी संख्या में बीयर के खाली कैन बरामद हुए हैं। मैनेजर ने आशंका जताई कि युवक शराब अपने लगेज में छिपाकर लाए थे। क्षेत्रवासी इस घटना को बिहार में लागू शराबबंदी से जोड़कर देख रहे हैं। बताया जाता है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से रोजाना कई लोग शराब पीने के लिए साहिबगंज आते हैं। होटल-लॉज में कमरा लेकर रातभर शराब पीते हैं और सुबह लौट जाते हैं।
नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस सभी आरोपों और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बिहार में दारूबंदी के बाद साहिबगंज जिले के होटल और लॉज वालों की चांदी हो गई है। ये कोई नई कहानी नहीं है। जिले में हर वीकेंड ‘शराब टूरिज्म’ चलता है। पर सवाल ये है कि होटल वालों को जब पता है तो आईडी चेक और लगेज स्कैन क्यों नहीं होती?




