साहिबगंज में डीसी ने किया EVM-VVPAT वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

साहिबगंज: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित EVM एवं VVPAT वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस के डबल लॉक एवं सीलबंद तीनों विधानसभा कक्षों को नियमानुसार खोला गया। इसके बाद सुरक्षित रखी गई EVM एवं VVPAT मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया। मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति का भी बारीकी से निरीक्षण हुआ।
उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी प्रणाली, रिकॉर्डिंग व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निगरानी व्यवस्था 24×7 सक्रिय एवं प्रभावी बनी रहे। सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख संधारण तथा अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने वेयरहाउस भवन की छत एवं परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।
उपायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने, परिसर की नियमित सफाई, रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर सुनिश्चित करने, सभी संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को कहा।
निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस को पुन: डबल लॉक कर विधिवत सीलबंद कर दिया गया। राजनीतिक दलों की मौजूदगी में निरीक्षण से पारदर्शिता भी बनी रही।




