राजमहल में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर संपन्न, ग्रामीणों को घर के पास मिली सुविधा

साहिबगंज: झारखंड सरकार के निर्देश और जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईद के मार्गदर्शन में राजमहल प्रखंड परिसर में आज विशेष ड्राइविंग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। अगला ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन आगामी 27 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
शिविर का समय पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक रखा गया था। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध कराना था। ताकि लोगों को बार-बार जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर में बड़ी संख्या में युवा, वाहन चालक और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस और स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस दोनों के लिए आवेदन किए और सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी कीं। परिवहन विभाग की टीम ने दस्तावेजों का सत्यापन, आवेदन पंजीकरण और अन्य औपचारिकताएं पूरी पारदर्शिता और सरलता के साथ संपन्न कराईं।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईद ने कहा कि झारखंड सरकार का उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को आम जनता तक सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसी सोच के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। विभाग ने सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था के लिए आम नागरिकों से सहयोग मांगा। इस अवसर पर परिवहन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित प्रकाश, जगन्नाथ कुमार, रितिका कुमारी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


