Dhanbad News: सीएमडी मनोज अग्रवाल ने बरोरा क्षेत्र का किया निरीक्षण, उत्पादन व डिस्पैच पर दिया जोर

धनबाद: बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने मंगलवार को कोयला भवन के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधकों के साथ बरोरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बेनीडीह केकेसी लिंक साइडिंग का निरीक्षण कर मानसून के दौरान भी कोयले की निर्बाध और समयबद्ध डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद सीएमडी ने क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कोयला उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने बरोरा क्षेत्र को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उत्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि देश की ऊर्जा जरूरतों के साथ-साथ इस्पात संयंत्रों को भी समय पर कोयला उपलब्ध कराना कोल इंडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
महेशपुर कोलियरी अंतर्गत निर्माणाधीन सायलो प्लांट के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर सीएमडी ने कहा कि वर्तमान में प्लांट निष्क्रिय दिखाई दे रहा है, लेकिन शेष कार्य पूरा होते ही लगभग एक माह के भीतर यह पूरी क्षमता के साथ संचालित होने लगेगा। उन्होंने बताया कि बरोरा क्षेत्र एवं आसपास की कई कोलियरियों का कोयला भविष्य में इसी सायलो प्लांट के माध्यम से डिस्पैच किया जाएगा, जिससे परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।


