Dhanbad News: दामोदर नदी के टासरा घाट पर नहाने के दौरान 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत

धनबाद: गौशाला ओपी क्षेत्र अंतर्गत दामोदर नदी के टासरा घाट पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक गोलू कुमार शर्मा की डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब दो बजे की है, जब गोलू नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही गौशाला ओपी प्रभारी शंभुनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चासनाला लेकर पहुंचे, जहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. मिहिर कुमार ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक गोलू कुमार शर्मा सुदामडीह मेन कॉलोनी का रहने वाला था। बताया जाता है कि वह गौशाला बाजार स्थित अपने बड़े भाई रिकुं शर्मा के ससुराल आया हुआ था। उसके पिता सुदामडीह में एक ज्वेलरी दुकान में गहनों के कारीगर के रूप में कार्य करते हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर के जवान बेटे की असामयिक मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है। वहीं, क्षेत्र में भी शोक की लहर व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने दामोदर नदी के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


