किश्तवाड़ क्लाउड बर्स्ट में मौत का आंकड़ा 38 पहुंचा, 120 से अधिक घायल

जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ हादसे में जान गंवाने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. कुदरत के कहर ने अब तक 38 लोगों की जान ले ली है. जान गंवाने वालों में CISF के 2 जवान भी शामिल हैं. जबकि 120 लोग घायल हो गए हैं. प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है. ये हादसा हिमालय स्थित माता चंडी के मंदिर की यात्रा के दौरान चिशोती इलाके में हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर भेज दिए गए और बड़े पैमाने पर ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि चिशोती में हुई घटना काफी ज्यादा जनहानि का कारण बन सकती है, उन्होंने कहा कि प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है और बचाव टीमें मौके पर रवाना कर दी गई हैं.
किश्तवाड़ में मौजूदा मौसम की स्थिति और चिशोती में बादल फटने से आई बाढ़ को देखते हुए किश्तवाड़ पुलिस और जिला प्रशासन ने पूरे जिले में कंट्रोल रूम और हेल्प डेस्क एक्टिव कर दिए हैं. सभी सब-डिविजन को हाईअलर्ट पर रखा गया है. आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं, जो इन स्थितियों पर तुरंत कार्रवाई करेंगी.
- भारी बारिश
- अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड)
- भूस्खलन
- सड़कों पर आवाजाही बाधित होना
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने किश्तवाड़ में बादल फटने से आई अचानक बाढ़ के बाद प्रभावित लोगों और तीर्थयात्रियों की मदद के लिए कंट्रोल रूम cum हेल्प डेस्क स्थापित किया है. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में 38 लोगों की मौत हो चुकी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. कंट्रोल रूम पड्डर में बनाया गया है, जो चिशोती गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर है, जहां यह आपदा आई थी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर जताया दुःख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में बादल फटने और बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। बचाव और राहत अभियान जारी है। ज़रूरतमंदों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।


