विश्व योग दिवस पर संस्कार भारती के योग शिविरों में उमड़ा उत्साह, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्कार भारती, रांची महानगर की ओर से दो स्थानों पर योग शिविरों का सफल आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए विशेष योग सत्र हेल्दी माइंड, विक्की कॉम्प्लेक्स, महादेव मंदिर के निकट, लोअर चुटिया, रांची में आयोजित हुआ, जबकि दूसरा योग शिविर चिरंजीवी किड्स प्ले स्कूल परिसर, होंबई-केदल, एनएच-20, रांची में संपन्न हुआ। दोनों ही स्थलों पर बड़ी संख्या में संस्कार भारती के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के ध्येय गीत की सामूहिक प्रस्तुति से हुआ। ध्येय गीत के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभाव और स्वस्थ जीवन के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। इसके पश्चात दोनों स्थलों पर योगाभ्यास के सत्र आयोजित किए गए।
लोअर चुटिया स्थित हेल्दी माइंड में आयोजित महिला योग शिविर में योग प्रशिक्षिका अंजलि जैन ने महिलाओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की व्यस्तताओं और बढ़ते तनाव के बीच महिलाओं के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने महिलाओं से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
वहीं चिरंजीवी किड्स प्ले स्कूल परिसर, होंबई-केदल में आयोजित योग शिविर में योग प्रशिक्षक सूरज कुमार एवं प्रीतम बनिक ने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं अनुशासित पद्धति है।
इस अवसर पर संस्कार भारती, रांची महानगर के अध्यक्ष रामानुज पाठक ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरा विश्व स्वीकार कर रहा है।
संस्कार भारती रांची महानगर के उपाध्यक्ष आशुतोष प्रसाद ने कहा की योग शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का माध्यम है तथा वर्तमान समय की अनेक शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान भी है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय जीवन-दर्शन का अभिन्न अंग है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
मंचीय कला संयोजक अवनींद्र सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की उस समग्र जीवन-दृष्टि का प्रतीक है, जिसमें स्वास्थ्य, साधना और आत्मविकास का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।
संस्कार भारती के कोषाध्यक्ष अनूप मजूमदार ने कहा कि योग व्यक्ति को भीतर से मजबूत बनाता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
कार्यक्रम में स्वर साधिका सुजाता मजूमदार , चित्रकार दीपमाला ,रश्मि नारायण,भोला विश्वास,शेखर कुमार,दिवाकर,अभिषेक कुमार डॉ आरती विश्वनाथ, धनंजय महतो सहित संस्कार भारती के अनेक सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने योग दिवस के इस आयोजन को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
विश्व योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम “स्वस्थ जीवन, समृद्ध संस्कृति” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सफल रहा तथा योग के प्रति लोगों में नई जागरूकता और उत्साह का संचार कर गया।




