‘मैं मैडम नहीं बोल सकती?’ कॉर्पोरेट कल्चर से परेशान लड़की का वीडियो वायरल, ‘गरिमा जी’ वाली बात पर छिड़ी बहस

Corporate Culture Viral Video: किसी भी नई नौकरी में जॉइनिंग के बाद सबसे पहली मुश्किल काम सीखना नहीं होती, बल्कि यह समझना होता है कि आसपास बैठे लोगों को आखिर बुलाएं कैसे। कॉर्पोरेट की दुनिया का एक अनलिखा नियम है कि चाहे सामने वाला उम्र में कितना भी बड़ा हो, पद में कितना भी ऊंचा हो – उसे उसके नाम से ही पुकारो। यही यहां का तरीका है, यही यहां की संस्कृति है। लेकिन जो लोग बचपन से “बड़ों को सम्मान दो, जी कहकर बात करो” सुनते आए हैं, उनके लिए यह नियम किसी झटके से कम नहीं लगता।
मुंबई की एक लड़की ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपना यही अनुभव शेयर किया और देखते ही देखते वीडियो इंटरनेट पर छा गया। लोगों ने उसकी बात सुनी और खुद को उसमें देखने लगे।
मीटिंग में हुई वो अजीब वाली स्थिति
@samridhisharma._ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से यह वीडियो शेयर किया गया। लड़की ने बताया कि मीटिंग खत्म होने के बाद उसने यह बात कहने की हिम्मत जुटाई। उसने कहा कि उसकी मैनेजर का नाम गरिमा है और वो उम्र में इतनी बड़ी हैं कि उनके पोते-पोतियां भी हैं। जब पहली मीटिंग हुई तो वो सबको “मैडम” कहकर संबोधित कर रही थी। तभी मैनेजर ने बीच में ही रोककर कहा कि कृपया उन्हें उनके नाम से बुलाया जाए।
https://www.instagram.com/reel/DYmWaJToCvL/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=NTc4MTIwNjQ2YQ==
यह सुनते ही लड़की के मुंह से निकला “नहीं, नहीं, नहीं! मैं आपको नाम से नहीं बुला सकती।” उसके लिए यह सिर्फ एक दफ्तरी नियम नहीं था, बल्कि बचपन से मिली उस तालीम का सवाल था जो उसे बताती आई थी कि बड़ों से हमेशा आदर से पेश आओ।
मैनेजर ने झिझक को भांपा, समझाया प्यार से
मैनेजर ने उसकी तकलीफ को समझा और बड़े ही शांत लहजे में कहा “तुम अभी कॉलेज से सीधे आई हो ना, इसीलिए थोड़ा वक्त लगेगा। धीरे-धीरे इस माहौल की आदत हो जाएगी, चिंता मत करो।” लेकिन लड़की ने बताया कि चार महीने बीत जाने के बाद भी वो पूरी तरह से ढल नहीं पाई है। वो अब भी “गरिमा जी” कहती है न सिर्फ नाम, न सिर्फ मैडम, बल्कि दोनों के बीच का एक भारतीय रास्ता।
22 साल की शिक्षा और 4 महीने का कॉर्पोरेट
लड़की ने इस पूरे मामले पर जो बात कही वो सबसे ज्यादा दिल को छू गई। उसने कहा “बचपन से यही सिखाया गया कि बड़ों का सम्मान करो, उनसे तमीज से बात करो, बिना ‘जी’ लगाए मत बोलो। 22 साल तक यही संस्कार मिले। और अब आप कह रहे हैं कि 4 महीने में वो सब भूल जाऊं और सीधे नाम लेने लगूं?! अगर यही करना था तो बचपन में नैतिक मूल्यों की वो मोटी-मोटी किताबें क्यों पढ़ाई गई थीं?”
उन्होंने इस वीडियो को कैप्शन दिया “क्या सिर्फ मुझे ही इससे चिढ़ हो रही है?”
कमेंट्स में लोगों ने भी खोला दिल
वीडियो पर हजारों लोगों ने रिएक्ट किया और ज्यादातर लोग उस लड़की की बात से इत्तेफाक रखते नजर आए। एक यूजर ने लिखा “मैं आज भी अपने सीनियर्स को उनके नाम से नहीं बुला पाती, बहुत अजीब लगता है।” दूसरे ने कहा “नाम के साथ ‘जी’ जोड़ देना एकदम सही और असली भारतीय तरीका है।” एक तीसरे यूजर ने लिखा “कॉर्पोरेट कल्चर और भारतीय परवरिश मेरे दिमाग में हर रोज टकराते हैं।” किसी और ने बड़ी सीधी बात कही “सम्मान हमारे अंदर इतनी गहराई से बसा है कि वो कोई ट्रेनिंग या नई नौकरी नहीं निकाल सकती।”


