हजारीबाग में क्रिसमस उत्सव धूमधाम से संपन्न, प्रेम और करुणा का संदेश

हजारीबाग: जिलें के कनहरी हिल रोड स्थित माता सहायिका सदन में क्रिसमस उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फादर जींस एंथनी ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिसमस पर्व प्रेम, दया और करुणा का संदेश देता है। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता करने, दूसरों के प्रति दयालु बनने तथा शांति और सौहार्द के साथ जीवन जीने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह पर्व आशा और आनंद का प्रतीक है, जो जीवन में उम्मीद बनाए रखने और खुशियाँ बाँटने की प्रेरणा देता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष विजय कुजुर उपस्थित रहे। उन्होंने ईसाई धर्म के सबसे बड़े त्योहार क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व पूरी दुनिया को भाईचारे, शांति, एकता और सभी धर्मों के बीच समन्वय का संदेश देता है।
उन्होंने ईसाई धर्म में आत्मा की अमरता पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा ईसा मसीह के जन्म पर आधारित स्किट नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा गीत-संगीत, झारखंडी नृत्य और राजस्थानी नृत्य जैसे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर हाल के दिनों में आयोजित बाल दिवस एवं खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों के रूप में फादर अजीत उपस्थित थे। मंच संचालन जसमीत कौर ने किया। वहीं कार्यक्रम में शिक्षक मोहम्मद बरकत और पुष्पा देवी तथा नॉन-फॉर्मल शिक्षक नीतीश कुमार, आनंद कुमार, पल्लवी कुमारी और पूजा देवी उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन सिस्टर प्रसन्ना ने किया ।


