डूरंड कप की मेजबानी को तैयार झारखंड, मुख्यमंत्री से मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने की मुलाकात

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी, 23 इन्फैंट्री डिवीजन) एवं डूरंड कप के नोडल ऑफिसर कर्नल हेमचंद्रा ने शिष्टाचार मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पहली बार झारखंड प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट ‘डूरंड कप’ की मेजबानी कर रहा है। यह टूर्नामेंट आगामी 26 जुलाई से प्रारंभ होने की संभावना है।
इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के साथ किए जा रहे समन्वय की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि डूरंड कप देश का ऐतिहासिक एवं गौरवशाली फुटबॉल टूर्नामेंट है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर झारखंड को मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में राज्य की पहचान लगातार देश और दुनिया में मजबूत हो रही है तथा ऐसे बड़े आयोजनों से यहां के खिलाड़ियों को प्रेरणा और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि डूरंड कप के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन एवं खेल प्रेमियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


