79वें स्वतंत्रता दिवस पर टूटी मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण की परंपरा

रांची के मोरहाबादी मैदान में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ध्वजारोहण किया, जिससे मुख्यमंत्री द्वारा ध्वजारोहण की वर्षों पुरानी परंपरा टूटी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पारिवारिक श्राद्ध कर्म में व्यस्त रहे. राज्यपाल ने शहीदों और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशभक्ति और एकता का संदेश दिया. राष्ट्रगान से पूरा मैदान गूंज उठा.
रांची: झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक पुरानी परंपरा टूट गई. क्योंकि इस बार मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. हमेशा मुख्यमंत्री इस जगह पर झंडा फहराते थे.
यह बदलाव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्मों में व्यस्त होने के कारण हुआ. राज्य की परंपरा के अनुसार, राजधानी रांची में मुख्यमंत्री और उपराजधानी दुमका में राज्यपाल ध्वजारोहण करते आए हैं.
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की धुन के साथ पूरा माहौल देशभक्ति से भर गया. इसके बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शहीदों को नमन करते हुए और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनता को संबोधित किया.


