संविधान के पालन से ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण संभव: उपायुक्त

साहिबगंज : सोमवार को सिद्धो-कान्हु स्टेडियम परिसर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त हेमन्त सती ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की और शहीद सिद्धो-कान्हु की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्टेडियम परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ध्वजारोहण के पश्चात उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी और जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उपायुक्त ने कहा कि भारतीय संविधान केवल नियमों का संकलन नहीं, बल्कि देश को एकजुट रखने वाली आत्मा और लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। संविधान में निहित मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के कारण ही भारत एक सशक्त, समावेशी और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान के पालन से ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण संभव है।
आगे उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर शासकीय सेवकों की यह जिम्मेदारी है कि वे संविधान की मूल भावना को समझें और अपने दैनिक कार्यों में उसका ईमानदारी से पालन करें। उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही संविधान की सच्ची भावना है।
कार्यक्रम के दौरान हेमन्त सती ने जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और शहर के लोगों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह के साथ जिले के सभी विभागों के वरीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प के साथ किया गया।


