Bokaro News: 18 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी, गांव में मातम

बोकारो के गोमिया प्रखंड में 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। युवक के घर में शादी की तैयारी चल रही थी, लेकिन इस घटना ने माहौल को शोक में बदल दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बोकारो: बोकारो जिला स्थित गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुसको कर्बला मैदान के पास जंगल में चतरोचट्टी रविदास टोला निवासी जमुना रविदास के छोटे बेटे, 18 वर्षीय सतीश कुमार रविदास का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ पाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के बड़े भाई राजकुमार रविदास का विवाह आगामी 21 अप्रैल को तय था। घर में मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था और मंगल गीत गाए जा रहे थे, लेकिन इस अनहोनी ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। युवक की अचानक मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

बताया जाता है कि शनिवार की अहले सुबह गांव की महिलाएं जब महुआ चुनने जंगल गईं, तो सबसे पहले उन्होंने ही शव को पेड़ से लटका देखा। इसके बाद हो-हल्ला मच गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना स्थानीय चतरोचट्टी थाना पुलिस को दी गई।

पुलिस के पहुंचने से पहले मृतक के परिजनों ने शव को पेड़ से उतार लिया था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब शव की तलाशी ली, तो युवक की जेब से गांजा और कफ सिरप की दो छोटी बोतल बरामद हुई। वहीं, एक स्मार्ट फोन और घटना में प्रयुक्त नई रस्सी भी जब्त की गई।

पिता जमुना रविदास और मां सुमन देवी द्वारा हत्या की आशंका से इनकार किए जाने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किसी मानसिक तनाव में था या नहीं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More