बरहरवा–पाकुड़ रोड पर फिर हादसा बांस लदी जुगाड़ गाड़ी पलटी, चालक घायल

बरहरवा: पाकुड़ मुख्य मार्ग एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। दुलूमपुर के पास बांस लदी एक जुगाड़ गाड़ी (भुटभुटिया) अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे में गाड़ी चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जुगाड़ गाड़ी जैसे ही दुलूमपुर के पास पहुंची, चालक का संतुलन बिगड़ गया। तेज गति और खराब सड़क के कारण वाहन सीधे खेत में जा पलटा। हादसे के बाद आस-पास के लोग दौड़कर पहुंचे और चालक को गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
भीड़ लगने की वजह से कुछ देर तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त जुगाड़ को खेत से निकालने में ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर बिना रजिस्ट्रेशन और बिना सुरक्षा मानकों वाली जुगाड़ गाड़ियों का संचालन आम बात हो गई है। प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई का दावा तो करता है, लेकिन असर जमीन पर नहीं दिखता। यही वजह है कि आए दिन ये वाहन हादसों का सबब बन रहे हैं।
लोगों का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बरहरवा–पाकुड़ रोड का चौड़ीकरण कब होगा? तंग और जर्जर सड़क, ऊपर से ओवरलोड जुगाड़ गाड़ी– दोनों मिलकर इस मार्ग को दुर्घटना का हॉटस्पॉट बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि अवैध जुगाड़ गाड़ियों पर नियमित कार्रवाई हो और बरहरवा–पाकुड़ मार्ग को जल्द डबल लेन किया जाए। ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके और आम लोगों की जान सुरक्षित रह सके।


