चक्रव्यूह सुरक्षा में सबेरे 8 बजे से काउंटिंग: ख्यांग्ते

रांची: झारखंड की 14 लोकसभा सीटों के लिए गुरूवार को सवेरे आठ बजे से मतगणना शुरु होगी। मतों की गणना को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल0 ख्यांग्ते ने बताया कि मतगणना स्थल, मतगणना हॉल और प्रत्येक मतगणना कक्ष के ले- आउट प्लान को भारत निर्वाचन आयोग का अनुमोदन मिल चुका है। मतगणना के लिए सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अलग- अलग मतगणना हॉल बनाए गए हैं। मतदान केंद्रों को ध्यान में रखकर प्रत्येक मतगणना हॉल में मतगणना के लिए टेबुलों की संख्या और चक (राउंड) का निर्धारण किया गया है। मतगणना को लेकर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अनुदेशों का पालन करने का निर्देश सभी निर्वाची पदाधिकारियों को दिया गया है। सभी मतगणना केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। स्ट्रांग रुम की सुरक्षा लगातार सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज द्वारा की जा रही है।
बनाए गए 14 मतगणना केंद्रों का विवरण:
श्री ख्यांग्ते ने बताया कि झारखंड में 14 लोकसभा सीटों की मतगणना को लेकर 14 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। राजमहल (एसटी) लोकसभा सीट के लिए साहेबगंज जिले के गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेज, लोहांडा, दुमका (एसटी) सीट के लिए दुमका जिले के गवनर्मेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, गोड्डा सीट के लिए गोड्डा जिले के गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक कॉलेज, सिलकटिया, चतरा सीट के लिए चतरा जिले के चतरा कॉलेज, कोडरमा सीट के लिए गिरिडीह जिले के एग्रीकल्चर प्रोडक्शन मार्केटिंग यार्ड, पचंबा, गिरिडीह सीट के लिए बोकारो जिले के वेयरहाउस, बाजार समिति, चास, धनबाद सीट के लिए धनबाद जिले के ए.पी.एम.सी, रांची सीट के लिए रांची जिले के कृषि बाजार समिति, पंडरा, जमशेदपुर सीट के लिए जमशेदपुर जिले के को-ऑपरेटिव कॉलेज, सिंहभूम (एसटी) सीट के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिले के महिला कॉलेज, चाईबासा, खूंटी (एसटी) सीट के लिए खूंटी जिले के बिरसा कॉलेज, लोहरदगा (एसटी) सीट के लिए गुमला जिले के गुमला पॉलीटेक्निक, चंदाली, पलामू (एससी) सीट के लिए मेदिनीनगर जिले के एग्रीकल्चरल मार्केटिंग यार्ड, बैरिलिया और हजारीबाग सीट के लिए हजारीबाग जिले के एग्रीकल्चर प्रोड्यूस मार्केट कमिटि में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।
[URIS id=8357]
प्रत्याशी, एजेंट व ऑब्जर्वर की मौजूदगी में खुलेगा स्ट्रांग रुम:
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतगणना के दिन सभी संसदीय क्षेत्रों में प्रत्याशियों, एजेंटों और भारत निर्वाचन आयोग के ऑब्जर्वर की मौजूदगी में स्ट्रांग रुम को खोला जाएगा। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। साथ ही ईवीएम के मतों की गिनती प्रक्रिया शुरु होने के पूर्व उसके एड्रेस टैग, सील और सीरियल नंबर का भी मिलान होगा, ताकि ईवीएम को लेकर प्रत्याशियों व उनके मतगणना एजेंटों को किसी तरह का कोई संशय नहीं हो।
हर मतगणना हॉल में सहायक निर्वाची पदाधिकारी:
ख्यांग्ते ने बताया कि मतगणना कार्य चरणबद्ध तरीके से होगी। एक चरण की समाप्ति के बाद ही अगले चरण के मतों की गिनती की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक मतगणना हॉल में हर टेबुल पर काउंटिंग असिस्टेंट, काउंटिंग सुपरवाइजर और एक माइक्रो ऑब्जर्वर मौजूद रहेंगे। प्रत्येक मतगणना हॉल के लिए एक सहायक निर्वाची पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। ईवीएम के मतों की गिनती पूरी होने के बाद सभी संसदीय क्षेत्रों के हर विधानसभा क्षेत्र से रैंडमली चुने गए 5 मतदान केंद्रों के वीवीपैट की पर्ची की गिनती कर इसका मिलान ईवीएम से प्राप्त मतों से किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:
https://samridhjharkhand.com/today-the-night-of-uncomfortable-doom-tomorrows-decision-clock-administration-ready




