वोटर लिस्ट में नाम है लेकिन मैपिंग नहीं? 24 मई तक नहीं पहुंचे तो कट सकता है नाम

साहिबगंज: अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में है, पर आपने मैपिंग नहीं कराई, तो सावधान! जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने मतदाताओं से 24 मई 2026 को अपने बूथ पर पहुंचने की अपील की है। दरअसल, भारत निर्वाचन आयोग 01.10.2026 को अहर्ता तिथि मानकर मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) करा रहा है। इसके लिए पुरानी वोटर लिस्ट का नए सिरे से मैपिंग किया जा रहा है।
पर दिक्कत ये है कि साहिबगंज के तीनों विधानसभा क्षेत्रों – 01-राजमहल, 02-बोरियो (ST), 03-बरहेट (ST) में हजारों वोटर अभी भी अन्मैप्ड हैं। यानी लिस्ट में नाम तो है, पर सिस्टम में मैप नहीं हुआ। मैपिंग में तेजी लाने के लिए 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर अन्मैप्ड वोटरों की लिस्ट चिपका दी गई है। इस लिस्ट में आपके बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी लिखा होगा। 24 मई को सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर बैठेंगे। उपायुक्त ने अपील की है कि जिन वोटरों का मैपिंग नहीं हुआ है, वे अपने बूथ पर जाकर अपना मैपिंग का काम पूरा करा लें।
उपायुक्त ने बताया कि अगर मैपिंग नहीं हुई तो विशेष गहन पुनरीक्षण में आपका नाम वोटर लिस्ट से हट भी सकता है। फिर वोट डालने में दिक्कत होगी। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वोटर लिस्ट में नाम बचाना है तो 24 मई को बूथ जाना है। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र का आधार है।




