अजय झा बने खेलो इंडिया जनजातीय गेम्स 2026 के तकनीकी पदाधिकारी

रांची: के बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय, सेक्टर-2 धुर्वा के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं झारखंड मलखंब अकादमी के निदेशक अजय झा को खेलो इंडिया जनजातीय गेम्स 2026 के प्रथम संस्करण में मलखंब प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु झारखंड से एकमात्र तकनीकी पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर (सरगुजा) स्थित गांधी स्टेडियम में 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगी।
अजय झा झारखंड के पहले ऐसे तकनीकी अधिकारी हैं जिन्हें मलखंब खेल में लगातार कई वर्षों से खेलो इंडिया के विभिन्न आयोजनों में तकनीकी जिम्मेदारी सौंपी जाती रही है।
उन्होंने इससे पूर्व खेलो इंडिया यूथ गेम्स, नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, नेशनल बीच गेम्स, तथा एसजीएफआई (स्कूली खेल) सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
वर्तमान में अजय झा मलखंब खेल के संस्थापक, झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के महासचिव तथा मलखंब फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय हैं। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड के खेल जगत में गर्व और उत्साह का माहौल है।




