20 वर्षीय जा’कोबे थार्प ने रचा इतिहास, 110 मीटर बाधा दौड़ में तोड़ा विश्व रिकॉर्ड

यूजीन (अमेरिका): अमेरिका के युवा एथलीट जा’कोबे थार्प ने एनसीएए आउटडोर चैंपियनशिप में इतिहास रचते हुए पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। ऑबर्न विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रहे 20 वर्षीय थार्प ने हीट मुकाबले में 12.75 सेकंड का समय दर्ज कर पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इससे पहले यह विश्व रिकॉर्ड अमेरिका के एरीज़ मेरिट के नाम था, जिन्होंने वर्ष 2012 में 12.80 सेकंड का समय निकाला था। थार्प के प्रदर्शन ने एथलेटिक्स जगत में उत्साह की लहर दौड़ा दी है।
विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद थार्प ने कहा कि उन्होंने इस उपलब्धि की योजना नहीं बनाई थी। उनके अनुसार, प्रतियोगिता से पहले उनकी तैयारी बेहद मजबूत थी और उन्हें विश्वास था कि वह कुछ असाधारण कर सकते हैं।
पांचवीं लेन से दौड़ शुरू करने वाले थार्प शुरुआती चरण में थोड़ा पीछे दिखाई दिए, लेकिन तीसरी बाधा पार करने के बाद उन्होंने तेजी से बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने शानदार रफ्तार बनाए रखते हुए फिनिश लाइन पार की और नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि जा’कोबे थार्प इससे पहले 2024 अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं। हालांकि, उनके इस रिकॉर्ड को अभी विश्व एथलेटिक्स की आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है।




