अंडर-19 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल में आज भारत की होगी पाकिस्तान से भिडंत

पोटचेफ्स्ट्रूम: अंडर-19 वर्ल्ड कप के आज होने वाले पहले सेमीफाइनल मैच में चार बार की विश्व चैंपियन भारत की भिडंत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान होगी। दोनों टीमें जब आपस में भिड़ेंगी तब उनका लक्ष्य फाइनल में प्रवेश का होगा। यह मैच आज भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे से दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफ्स्ट्रूम में खेला जाएगा।

दोनों टीमों ने वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं हारा है। क्वार्टर फाइनल में भारत ने जहाँ ऑस्ट्रेलिया को हराया, वहीँ पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान को हराया। पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हुरैरा ने अफगानिस्तान पर मिली जीत के बाद कहा था, ‘यह काफी दबाव वाला मैच है और इसे लेकर काफी हाइप है. हम इसे आम मैच की तरह लेंगे और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।’

भारतीय जूनियर टीम का इस मैच में पलड़ा पाकिस्तान से भारी है। 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 203 रनों से हराया था। हालाँकि, इस मैच को जीतने के लिए भारतीय टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

भारतीय अंडर 19 टीम इस प्रकार है: प्रियम गर्ग (कप्तान), आकाश सिंह, अथर्व अंकोलेकर, शुभांग हेगड़े, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, कार्तिक त्यागी, कुमार कुशाग्र, सुशांत मिश्रा, विद्याधर पाटिल, रवि बिश्नोई, शाश्वत रावत, दिव्यांश सक्सेना, तिलक वर्मा, सिद्धेश वीर।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More