15 अगस्त तक करें ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, युवाओं को मिलेगा सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ

साहिबगंज। युवाओं को सरकारी योजनाओं, रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने “मेरा युवा भारत” पोर्टल पर विशेष पंजीकरण अभियान शुरू किया है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवा 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
मेरा युवा भारत पोर्टल का उद्देश्य युवाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, स्वयंसेवी गतिविधियों, कौशल विकास कार्यक्रमों, खेल और नेतृत्व विकास के अवसरों से सीधे जोड़ना है। पंजीकरण के बाद युवाओं को एक ही मंच पर सभी सरकारी अवसरों की जानकारी मिलेगी।
मेरा युवा भारत साहिबगंज के जिला कार्यक्रम लेखा सहायक पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद युवाओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर समय-समय पर सरकारी योजनाएं और रोजगार के अवसर, कौशल विकास और स्वयं सेवा के कार्यक्रम, खेल गतिविधियां और नेतृत्व विकास प्रश्निक्षण, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण से संबंधित पहल जैसी जानकारी और अपडेट मिलते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं को न सिर्फ योजनाओं का लाभ देगा, बल्कि उन्हें देश निर्माण में सीधे भागीदारी का अवसर भी प्रदान करेगा। जिला प्रशासन ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा 15 अगस्त 2026 के भीतर http://mybharat.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
पंजीकरण के दौरान “यूथ टाइप” वाले कॉलम में “मेरा युवा भारत” का चयन करना अनिवार्य है। तभी आप मंत्रालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ ले पाएंगे। जिला प्रशासन ने कहा कि साहिबगंज जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ना लक्ष्य है, ताकि जिले के युवा आत्मनिर्भर बनें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।


