मेदिनीनगर एमएमसीएच में इलाज के दौरान कबलासी गांव के 12 वर्षीय किशोर मोहित की मौत
-1024x614.jpeg)
पलामू: जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ कबलासी गाँव के रहने वाले लल्लू चौधरी के 12 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार की मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
काम करते समय अचानक बिगड़ी थी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को मोहित कुमार अपने घर पर कुछ काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा और पूरी तरह बेसुध हो गया। बेटे की यह हालत देख परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे तत्काल विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए।
एमएमसीएच किया गया था रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद भी मोहित की गंभीर स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर तुरंत एमएमसीएच पहुंचे, लेकिन वहाँ जाँच के बाद चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया शुरू
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी महेंद्र कुमार एवं आरक्षी विकास कुमार ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।




