रांची: झारखंड प्रदेश के नये अध्यक्ष बनाये जाने के बाद डाॅ रामेश्वर उरांव मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस बाबत नवनियुक्त पांचों कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व विधायक केशव महतो कमलेश, विधायक इरफान अंसारी, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा व संजय पासवान भी मौजूद थे। श्रीमती गांधी से इन मुलाकात के दौरान झारखंड के होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया।
कांग्रेस ने दोबारा इस प्रदेश में अपनी पार्टी की कमान पूर्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी को दी है। इससे पहले भी प्रदेश अध्यक्ष डाॅ अजय कुमार आईपीएस ही थे। 9 अगस्त को डॉ अजय कुमार ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पर आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से नये प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में मंथन चल रहा था।
28 को रांची आयेंगे नये अध्यक्ष, होगा स्वागत
प्रदेश कांग्रेस के नवमनोनीत प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव व पांचों कार्यकारी अध्यक्ष 28 अगस्त को एयर इंडिया की विमान से रांची पहुंच रहे हैं। उनका यहां के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर पर कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता ने मंगलवार को बताया कि सभी सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा, स्वामी विवेकानंद, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के बाद दो बजे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे। यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर दो बजे आयोजित एक स्वागत समारोह में सभी अध्यक्ष भाग लेंगे। कहा कि बिरसा मुंडा हवाई अड्डा से पार्टी कार्यालय आने के दौरान रांची के सभी चौक-चौराहों पर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया जाएगा। गुप्ता ने बताया कि स्वागत समारोह में राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, सांसद गीता कोड़ा, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, डॉ. प्रदीप बलमुचू सहित कई नेतागण मौजूद रहेंगे।