केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता नारायण राणे उद्धव ठाकरे पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में गिरफ्तार

मुंबई : केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता नारायण राणे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, शिवसेना राणे के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है।


भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ़्तारी संवैधानिक मूल्यों का हनन है। इस तरह की कार्यवाही से ना तो हम डरेंगे, ना दबेंगे। भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में मिल रहे अपार समर्थन से ये लोग परेशान है। हम लोकतांत्रिक ढंग से लड़ते रहेंगे, यात्रा जारी रहेंगी।


उधर, शिवसेना नेता व मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने राणे के खिलाफ सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा है कि सांसद व केंद्रीय मंत्री जो खुद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, वे अपने ही मुख्यमंत्री के संवैधानिक पद का अपमान करते हैं। इसलिए हम उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मालूम हो कि पहले नारायण राणे शिवसेना में ही थे और शिवसेना ने ही उन्हें महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया था। हालांकि ठाकरे परिवार से मतभेद के बाद वे पार्टी से बाहर हो गए।


उधर, बीजेपी नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि वे उद्धव ठाकरे पर नारायण राणे के बयान का समर्थन नहीं करते हैं, लेकिन व्यक्तिगत रूप से और पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शरजील उस्मानी ने भारत माता को गाली दी तो उस पर एफआइआर नहीं की और नारायण राणे पर महाराष्ट्र सरकार ने एफआइआर दर्ज कर ली।

मालूम हो कि राणे ने कोर्ट से इस मामले में राहत हासिल करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें गिरफ्तारी से राहत नहीं मिली।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More