झामुमो की सरकार बनी तो खोलेंगे किसान बैंक : हेमंत

5 लाख नौकरी देने का वादा
साहिबगंज/रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यदि विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को बहुमत मिलता है और सरकार बनती है, तो प्राथमिकता के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में किसान बैंक खोला जाएगा। सोरेन बदलाव यात्रा का आगाज कर साहिबगंज में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सत्ता मिलने पर 5 लाख युवाओं को रोजगार देंगे।
उन्होंने कहा कि इस बाबत गांव के स्तर पर ही मार्केटिंग की व्यवस्था होगी। सोरेन ने रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये किसानों की जान लेने पर अमादा है। रोजगार की कमी के कारण कोई भी समाज में शांति से नही जी पा रहा है। रोजगार के अवसर में लगातार कमी आ रही है। बड़े-बड़े व्यापारी इस कारण आत्महत्या करने को मजबूर हैं। हेमंत ने कहा इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है, कि जो राज्य देश चलाने का माद्दा रखता है, वहां के लोग भूखे मरने को विवश हैं। प्राकृतिक संसाधनों यूरेनियम, कोयला, अबरख से भरा झारखंड में बेरोजगारी चरम पर है। देश की नामी-गिरामी कंपनियां मजदूरों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा रही हैं। रघुवर सरकार ने प्रदेश के असल मालिक को भिखारी बनाने का काम किया है।
श्री सोरेन ने कहा कि सरकार की मनमानी को नही चलने देंगे और यहां के शहीदों के सपने का भी दमन किसी कीमत पर नही होने देंगे। कहा कि जमीन हमारी है और लाभ किसी और को दिया जा रहा है, ऐसा नही होने देंगे। गौरतलब हो कि कि जेएमएम के इस बदलाव यात्रा आगाज साहिबगंज के रेलवे जनरल इंस्टीट्यूट के प्रांगण से हुई है, जबकि समापन राजधानी के मोरहाबादी मैदान में आहूत महारैली के साथ 19 अक्टूबर को किया जाएगा।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More