गुजरात : भाजपा विधायक दल की आज तीन बजे बैठक, मुख्यमंत्री के नाम पर अब भी पूरी तरह कायम है सस्पेंस

अहमदाबाद : गुजरात भाजपा विधायक दल की बैठक रविवार को तीन बजे दोपहर गंाधीनगर में होगी, जिसमें पार्टी के नए नेता का चयन होगा जो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मालूम हो कि कल एक नाटकीय घटनाक्रम में अचानक विजय रूपाणी ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। हाल के दिनों में यह तीसरा राज्य होगा जहां भाजपा नेतृत्व परिवर्तन करने जा रही है। इससे पहले उत्तराखंड व कर्नाटक में भाजपा अपना नेतृत्व परिवर्तन कर चुकी है।

गुजरात भाजपा के मुख्य प्रवक्ता यमल व्यास ने कहा कि पार्टी विधायक दल की तीन बजे बैठक होगी। इसमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व बीजेपी महासचिव तरुण चुघ शामिल होंगे और नए सीएम का चयन होगा।

भाजपा ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं प्रह्लाद जोशी को केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में राज्य भेजा है, जो विधायक दल की बैठक के दौरान उपस्थित रहेंगे और विधायकों का मंतव्य जानेंगे। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि विधायक दल की बैठक एक औपचारिकता भर होगी, जिसमें पहले से हाइकमान द्वारा तय किए गए नाम का प्रस्ताव रखा जाएगा और उस पर सभी विधायक आपसी सहमति से मुहर लगाएंगे। लेकिन, यह नाम किसका होगा इस पर अभी भी 100 प्रतिशत सस्पेंस कायम है।

मुख्यमंत्री पद के दावेदार में उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया, पुरुषोंत्तम रूपाला, सीआर पटेल का नाम शामिल है। हालांकि कोई चौंकाने वाला पांचवा नाम भी सामने आ सकता है। भाजपा हाइकमान ने गुजरात विधानसभा चुनाव के 15 महीने पहले राज्य में नेतृत्व परिवर्तन किया है।

मुख्यमंत्री चयन के पहले नितिन पटेल ने कहा कि राज्य में एक ऐसा सीएम होना चाहिए जो लोकप्रिय हो, अनुभवी हो और सभी को साथ लेकर चल सके। मीडिया में अफवाहें हैं कि मुझे सीएम बनाया जाएगा, लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा हाइकमान यह तय करेगा कि कौन मुख्यमंत्री होगा।

नीतीश पटेल पार्टी कार्यालय पहुंचे हैं। वहीं, नरेंद्र सिंह तोमर व प्रह्लाद जोशी भी पार्टी कार्यालय पहुंच गए हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More