हेलिकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत सहित 13 की मौत, CCS की बैठक

नयी दिल्ली : तमिलनाडु में बुधवार, आठ दिसंबर को हुए सेना के एक हेलिकॉप्टर हादसे में भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत सहित अन्य की मौत हो गयी। हेलिकॅप्टर पर जनरल रावत की पत्नी मधुलिका रावत सहित अन्य लोग सवार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जनरल रावत के निधन पर शोक जताया है।

यह हेलिकॉप्टर हादसा तमिलनाडु में निलगिरि पर्वत श्रृंखलाओं के बीच कुन्नूर के पास हुई। हेलिकॉप्टर पर सेना के कई दूसरे अधिकारी सवार थे। हादसा दोपहर में हुआ।


जनरल रावत उत्तराखंड के गढवाल के एक सामान्य परिवार से आते थे। उन्होंने एनडीए में सफलता हासिल कर सैन्य करियर की शुरुआत की और रायसीना हिल तक पहुंचे। वे भारत के थल सेना प्रमुख रहे और बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें देश का पहला एकीकृत सैन्य कमान के तहत सीडीएस नियुक्त किया।


तमिलनाडु में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शामिल 14 में से 13 कर्मियों की मृत्यु की पुष्टि हो गई है। सूत्रों ने बताया है कि डीएनए टेस्टिंग के जरिए सभी शवों की पहचान की जाएगी।

भारतीय वायुसेना ने उनकी मौत की पुष्टि करते हुए कहा, पता चला है कि तमिलनाडु में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और 11 अन्य लोगों की मौत हुई है।


उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे के बाद कैबिनेट के सुरक्षा मामलों की समिति की एक अहम बैठक बुलायी है, जिसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, एनएसए अजीत डोभाल व अन्य शामिल हुए हैं। इसमें जनरल रावत की मौत के बाद के हालात के मद्देनजर अहम निर्णय लिया जा सकता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More